फिरोजाबाद के टूंडला में रेलकर्मी पर उसकी पत्नी ने दुष्कर्म और अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने जांच की तो पत्नी पहले से ही शादीशुदा निकली। वह पहले पति को तलाक दिए बिना रेलकर्मी के साथ रहना चाहती है, जबकि रेलकर्मी बिना तलाक दिए उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता। रेलकर्मी का आरोप है कि उसे फंसाने के लिए पत्नी उस पर झूठा आरोप लगा रही है।
हाथरस के थाना सादाबाद क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि टूंडला क्षेत्र के रेलकर्मी से उसका विवाह विगत 17 फरवरी 2018 को हुआ था। शादी के बाद वह टूंडला रेलवे कालोनी स्थित सरकारी आवास में पति के साथ रह रही थी। इस बीच रेलकर्मी से उसे एक पुत्री भी हुई। महिला का आरोप है कि करीब आठ पूर्व पति ने उसे छोड़ दिया और उसे तलाक देने की धमकी देने लगा।
पति और जेठ पर लगाया गंभीर आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि 16 मई 2022 की रात पति ने अपने बड़े भाई (जेठ) के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अप्राकृतिक संबंध बनाए, जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने अपने पिता को पूरा घटनाक्रम बताया। इस पर शनिवार को पुलिस में तहरीर दी गई। थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक जांच से पता चला है कि रेलकर्मी और महिला दोनों पूर्व में ही शादीशुदा हैं।