बेवर (मैनपुरी)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भगवान राम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वीडियो चुनाव के दौरान का बताया जा रहा है।
थाना क्षेत्र में टोडरपुर चौकी क्षेत्र के गांव रहूपुरा निवासी पांच युवक एक वीडियो में भगवान श्रीराम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र भाषा व गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बारे में जब पुलिस को जानकारी हुई तो टोडरपुर चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने जांच की। पता चला कि वीडियो चुनाव के दौरान का है। गाली-गलौज करने वाले युवक गांव रहूपुरा निवासी दीपक यादव, रजत यादव, सोनू यादव, अंशुल यादव, रजनीश यादव हैं। यह लोग दो ट्रक के बीच में बैठकर शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करके कार्रवाई की जाएगी।