मतगणना के दौरान जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर आगरा रोड और फोरलेन बाईपास पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में आगरा से आने और जाने वालों को वैकल्पिक रास्ते से निकाला जाएगा। मंडी क्षेत्र के आसपास पांच बैरियर लगाए गए हैं। गुरुवार सुबह पांच बजे से आगरा रोड और आगरा बाईपास रोड पर यातायात रोक दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से एक बैरियर आगरा रोड पर ज्योंती रोड तिराहा के पास बनाया गया है। इस बैरियर पर मैनपुरी शहर से आने वाले वाहनों को रोका जाएगा। इसके आगे वाहन नहीं जाएंगे।
आगरा बाईपास और आगरा रोड पर यातायात बंद होने से आगरा जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी। ऐसे में उन्हें वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कराना होगा। शहर से आगरा जाने और आने के लिए देवी रोड बाईपास होते हुए ज्योंती रोड पर पड़रिया चौराहा से घिरोर होते हुए वाहनों का आवागमन होगा। इस मार्ग पर ज्योंती रोड तिराहे से भी जाया जा सकेगा। घिरोर से नवाटेड़ा होते हुए करहल रोड से आवागमन होगा। वहीं छोटे वाहन ब्रह्मदेव मंदिर से बंबा किनारे होते हुए करहल रोड पर निकलकर शहर में आ सकते हैं। इसके साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का इस्तेमाल भी वाहन स्वामी कर सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जिलेभर में अलर्ट रहेगी। शहर में सभी पिकेट दिनभर भ्रमणशील रहेंगी। इसी तरह देहात क्षेत्र में भी सभी पिकेट गश्त पर रहेंगी। नवीन मंडी परिसर के आसपास दस मोबाइल टीमें भी भ्रमण पर रहेंगे। यातायात व्यवस्था के साथ ही भीड़ एकत्रित न हो, इसकी जिम्मेदारी मोबाइल टीमों पर होगी। मंडी परिसर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बृधवार को एसपी अशोक कुमार राय, एएसपी मधुवन कुमार सिंह ने ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। साथ ही निर्देश दिए कि किसी तरह की लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई होगी।
मतगणना का परिणाम आने के बाद प्रमाणपत्र लेने के बाद विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस उनके घर तक पहुंचाएगी। एएसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग सभा क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी थाना पुलिस के साथ विजयी प्रत्याशी को नवीन मंडी से उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाएंगे।
एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि मतगणना को लेकर जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। पिकेट के साथ मोबाइल टीमें लगातार भ्रमणशील रहेंगी। लोगों से अपील है कि वह जनादेश का स्वागत करें। बिना वजह कहीं पर भी भीड़ न लगाएं। अराजकतत्वों पर पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।