उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों को कोई असुविधा ना हो इसके लिए परिवहन निगम को भी शासन ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। जहां निगम के अधिकारी शिक्षा अधिकारी से बात कर ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों तक बस का संचालन करेंगे। वहीं प्रत्येक दिन इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। उच्चाधिकारियों ने जिले के अधिकारियों को बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष छप्पन लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर आठ मार्च तक चलेगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षार्थियों को कोई असुविधा ना हो इसके लिए परिवहन निगम ने कमर कसी है।
जहां निगम के उच्चाधिकारियों ने ग्रामीण स्तर पर समयबद्ध रूप से बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं उन्होंने कहा है कि केंद्र पर परीक्षार्थी समय से पहुंचें इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए। निगम ने बोर्ड परीक्षा के दौरान एक टैगलाइन भी जारी की है।