आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 86वां दीक्षांत समारोह इस बार खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा। खर्चे में कटौती की जाएगी। क्योंकि पंडाल में करीब आठ लाख रुपये खर्च होते थे। समारोह में 700 की जगह 350 लोग ही शामिल होंगे। इस बार दीक्षांत समारोह में खाने की व्यवस्था भी अपेक्षाकृत बहुत कम लोगों के लिए रहेगी।
विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 19 दिसंबर 2021 को प्रस्तावित है। उसी के अनुरूप तैयारियां की जा रही है। प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में आवासीय संस्थानों के निदेशकों, विभागाध्यक्षों के साथ बैठक हुई। इसमें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। इससे पहले दीक्षांत समारोह खंदारी परिसर के मैदान में होता था। इसमें पंडाल बनाने का खर्चा करीब आठ लाख रुपये आता था। 700 कुर्सियों पंडाल में लगाई जाती थीं।
प्रो. आलोक कुमार राय का कहना है कि जेपी सभागार में दीक्षांत समारोह कराने से पंडाल का खर्चा बचेगा। दीक्षांत समारोह छात्र-छात्राओं के लिए होता है, वह जेपी सभागार में आराम से बैठ जाएंगे। करीब 150 छात्र-छात्राओं को शामिल होना है। सभागार में करीब 350 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। उसी के अनुरूप अतिथियों को बुलाया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से योजना बनाई गई है कि दीक्षांत समारोह के दिन 150 लोगों के ही खाने की व्यवस्था की जाएगी। छात्रों और उनके अभिभावकों को नाश्ते के पैकेट दिए जाएंगे। इससे पहले दीक्षांत समारोह में करीब 700 लोगों के खाने की व्यवस्था की जाती थी। खाने में करीब पांच लाख रुपये खर्च होते थे।
समारोह में परिधान वही रहेगा जो 85वें दीक्षांत समारोह में था। पुरुष सफेद धोती और कुर्ता, महिलाएं सफेद साड़ी लाल बॉर्डर वाली और लाल रंग का ब्लाउज पहनेगी। वहीं, अप्रैल 2021 में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के लिए कुलपति प्रो. अशोक मित्तल ने परिधान के तौर पुरुषों के लिए कुर्ता व पायजामा और साड़ी रखा था।