मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र में सोमवार रात को भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव नगला हार के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में किशोरी सहित चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार शहर स्थित शीतला देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने के बाद लौट रहे थे।
फिरोजाबाद के गांव खड़ीत निवासी सर्वेश सिंह सोमवार को रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ मैनपुरी शहर स्थित शीतल देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने के लिए आए थे। सोमवार रात सभी लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे औंछा क्षेत्र में नगला हार प्रतीक्षालय के पास ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 12 वर्षीय गरिमा पुत्री राजेश, 35 वर्षीय मालती पत्नी प्रवेश, 17 वर्षीय रागिनी पुत्री प्रमोद यादव और गीता देवी (61) पत्नी रामभरोसे की मौत हो गई। 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें 10 घायलों को एटा ले जाया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।