19 अगस्त को सप्लाई हुई थी जहरीली शराब की खेप
एसपी आरए पूर्वी के. वेंकट अशोक ने बताया कि हरिओम और बंटू के मैरिज होम में कभीकभार ही कार्यक्रम होते हैं। इस पर वो मैरिज होम में मिलावटी शराब तैयार करने लगे। मनोज और हेमंत गोवर्धन निवासी रामू के साथ मिलकर मैरिज होम की रसोई में मिलावटी और नकली शराब तैयार कराते हैं। इसमें दारा, संचालक हरिओम, बंटू साथ देते थे। गाड़ियों से केमिकल लाने और शराब बेचने ले जाने का काम करते हैं। आठ अगस्त को धौलपुर से एक कट्टी एक्स्ट्रा नेचुरल अल्कोहल (ईएनए) लेकर आए थे।
पानी और रंग मिलाकर देसी शराब बना ली थी। इसमें से पहला लॉट 14 अगस्त को सप्लाई किया था। दूसरा लॉट 19 अगस्त को किया। 22 पेटी शराब हेमंत ने अपने ठेकों पर रखवा दी थी। इसके अलावा देवरी रोड और इरादत नगर में घरों से शराब बेचने वाले ले गए थे। इसमें से ही शराब जहरीली हुई थी। आरोपी धौलपुर से केमिकल और भरतपुर की एक फैक्टरी से बोतल, ढक्कन और रेपर लेकर आते हैं। अब पुलिस केमिकल बेचने वालों की तलाश कर रही है।
एक साल से बना रहे थे शराब
पुलिस ने बताया कि दारा सिंह के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज हैं। वह मार्च 2020 में अवैध शराब के मामले में मलपुरा थाने से जेल गया था। अगस्त 2020 में जमानत पर छूटा। नवंबर में उसने मनोज, हेमंत, हरिओम और उसके भाई के साथ मिलकर मैरिज होम में शराब बनाना शुरू कर दिया। शुरुआत में छह ड्रम एक्स्ट्रा नेचुरल अल्कोहल के मंगवाए थे। आरोपी मांग के हिसाब से शराब तैयार करते थे।
पंचायत चुनाव में देसी शराब की सप्लाई बंद हो गई। अलीगढ़ कांड के बाद केमिकल मिलने में परेशानी आ रही थी। अब धौलपुर से केमिकल लेकर आ रहे थे। एक साल से मैरिज होम में अवैध शराब बना रहे थे। बंटू के खिलाफ छह और हरिओम के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपी गोवर्धन के रामू, टिकैतपुरा के गौतम और सैंया के विकास की तलाश कर रही है।
गैंगस्टर लगेगा, संपत्ति होगी जब्त
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि अवैध शराब बनाकर बेचने के मामले में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें ठेका संचालक, सप्लायर, सेल्समैन और घरों से बिक्री करने वाले भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत संपत्ति चिह्नित कर जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।