जींस-शर्ट, आंखों पर चश्मा, महंगे जूते, हाथ में घड़ी और आईफोन। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को एक बदमाश इसी अंदाज में अपना शिकार बना लेता था। पहले यात्रियों से दोस्ती कर खुद को बॉलीवुड सिंगर बताकर बातों के जाल में फंसाता था। इसके बाद चाय और बिस्कुट में नशे का पाउडर मिलाकर पिला देता था। बेहोश कर रकम और सामान लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस ने बदमाश को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 19 मोबाइल, लैपटॉप, आभूषण व नशीला पाउडर बरामद किया गया हैं।
सीओ जीआरपी हरीशचंद्र ने बताया कि जीआरपी कैंट की टीम ने थाना बंगा, जिला भगत सिंह नगर, पंजाब के रहने वाले दलजीत कुमार को पकड़ा। दलजीत सिंह खासतौर से आगरा से पंजाब के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार बनाकर लूटपाट करता था। दलजीत ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अच्छा गायक है।
इसी का फायदा उठाकर वह खुद को बॉलीवुड का सिंगर बताकर लोगों को अपनी बातों में उलझाकर उन्हें चाय या बिस्कुट में नशीला पदार्थ देकर लूट लेता था। सीओ ने बताया कि आरोपी कभी खुद को सीरियल का अभिनेता बताता था।