कासगंज। भारतीय गोवंश रक्षण संवर्धन परिषद के तत्वावधान में ग्राम कल्याणपुर में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें गोपालन को बढ़ावा देने एवं जैविक खेती को अपनाने पर जोर दिया गया। साथ ही इससे होने वाले लाभ भी बताए गए।
गोवंश हत्या एवं मांस निर्यातक संघ के अध्यक्ष प्रभात शर्मा ने कहा कि आधुनिक समय में निरंतर बढ़ती हुई जनसंख्या, पर्यावरण प्रदूषण, भूमि की उर्वरा शक्ति का संरक्षण एवं मानव स्वास्थ्य के लिए जैविक खेती अत्यंत लाभदायक है। इससे भूमि की उपजाऊ क्षमता में वृद्धि हो जाती है। सिंचाई अंतराल में वृद्धि होती है।
रासायनिक खाद पर निर्भरता कम होने से लागत में कमी आती है। जैविक खाद के उपयोग करने से भूमि की गुणवत्ता में सुधार आता है। बीमारियों में कमी आती है। गो रक्षा विभाग अध्यक्ष राजकुमार जाखेटिया ने कहा कि गाय के पालन करने से काफी लाभ हैं। सचिव नवीन सक्सेना, विभाग किशोर शर्मा, आमित पटकर ने भी विचार रखे। इस दौरान प्रधान जयप्रकाश, संरक्षक नवीन पचौरी, कोशल, रामप्रसाद, जुगेंद्र, रघुवीर, रोशन, राजा, मनजीत, गुरप्रीत मौजूद रहे।