खंदौली। क्षेत्र की एक कॉलोनी से सोमवार की दोपहर घर के बाहर से सातवीं की छात्रा के अपहरण की कोशिश करने वाले का दो दिन बाद भी पुलिस पता नहीं लगा सकी है। वहीं तहरीर देने के 36 घंटे बाद भी मुकदमा नहीं लिखा गया है। जिससे लोगों में रोष है। वहीं घटना के बाद से छात्रा व पीड़ित परिवार सहमा हुआ है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक सोमवार को 11 वर्षीय छात्रा घर के बाहर साइकिल चला रही थी, तभी स्कूटी सवार युवक ने उसके अपहरण की कोशिश की थी। छत पर कपड़े सूखने के लिए डालने आई पड़ोस की महिला के देख लेने और शोर मचाने पर आरोपी युवक भाग निकला था। छात्रा के पिता ने घटना की तहरीर खंदौली थाने में दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें एक स्कूटी सवार आगरा की ओर जाता नजर भी आ रहा है। पर, दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी की पहचान तक नहीं कर सकी है। साथ ही पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज नहीं किया है। इसका लोगों में गुस्सा है।
पीड़ित छात्रा के पिता का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की, तो बुधवार को वह कालॉनी के लोगों के साथ एसएसपी से गुहार लगाएंगे। मामले में थाना प्रभारी अवधेश गौतम का कहना है कि मामला अपहरण की कोशिश का नहीं लग रहा है। सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार बच्ची से कुछ कहता नजर आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
सहमी हुई है छात्रा
सोमवार को अपहरण की कोशिश के बाद से छात्रा सहमी हुई है। वह घर से बाहर भी नहीं निकल रही है। यही कहती है कि उसे स्कूटी वाले अंकल उठा ले जाएंगे। छात्रा की यह हालत देख परिजन भी परेशान हैं।