बिछवां। थाना क्षेत्र में भनऊ घाट के पास स्थित बीयर के ठेका से रविवार की रात चोरों ने ताले तोड़ कर 15 पेटी बीयर चोरी कर लीं। वहीं पास ही देसी शराब के ठेका के ताले तोड़ चोरी की कोशिश की गई, लेकिन चोर कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला गोविंद दास निवासी रामरती के नाम बीयर और देसी शराब का ठेका है। ठेके थाना क्षेत्र में भनऊ घाट के पास संचालित हो रहे हैं। बीयर ठेका का सेल्समैन राजेश्वर सिंह निवासी गांव भनऊ रविवार की रात करीब 10 बजे ठेका बंद करने के बाद घर चला गया। सोमवार की सुबह उसे बीयर की दुकान के ताले टूटे होने की सूचना मिली। सेल्समैन ने बताया कि बीयर की दुकान से चोर करीब 15 पेटी बीयर चोरी कर ले गए हैं। बगल में ही देसी शराब के ठेका के ताले भी तोड़े गए। लेकिन चोर वहां वारदात को अंजाम नहीं दे सके। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
-------------
घटनास्थल से कुछ दूरी पर रहती है पिकेट
भनऊ घाट के पास जहां बीयर के ठेका के ताले तोड़ कर चोरी की वारदात हुई है। उस से चंद कदम की दूरी भनऊ घाट चौराहा पर दिन और रात पिकेट तैनात रहती है। पिकेट के रहते हुए भी चोर आसानी से चोरी की वारदात अंजाम देकर निकल गए। वहां ड्यूटी पर तैनात कर्मी उस समय कहां थे। इन सब बातों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। घटना की रात ही चोरों ने एक खोखा के भी ताले तोड़े।
------------
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा करने के साथ ही चोरों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
कपिल वशिष्ठ, प्रभारी थानाध्यक्ष