आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज के वार्ड में भर्ती गंभीर मरीजों को जांच कराने के लिए प्राइवेट एंबुलेंस का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके लिए उन्हें रुपये भी खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि गैराज में नई एंबुलेंस खड़ी हैं। अब नॉन कोविड मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है, ऐसे में ताले में बंद एंबुलेंस का उपयोग मरीजों की सुविधा में नहीं हो पा रहा है। इससे तीमारदारों को परेशान उठानी पड़ रही है।
एसएन में हड्डी रोग, सर्जरी विभाग, ईएनटी, कैंसर रोग, मेडिसिन, वक्ष एवं क्षय रोग में भर्ती मरीजों को एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई की जांच कराने के लिए रेडियो डायग्नोसिस सेंटर जाना होता है। रोजाना 20 से 35 मरीजों को इसकी जरूरत पड़ती है। इनके लिए एंबुलेंस की सुविधा अभी एसएन में नहीं मिल पा रही है। इसके चलते यह निजी एंबुलेंस मंगवानी पड़ रही है। जबकि गैराज में अभी भी एक नई एंबुलेंस खड़ी है। इसमें दो एंबुलेंस थी, जो बीते दिनों अमर उजाला में खबर प्रकाशित करने के बाद एक का संचालन इमरजेंसी पर शुरू करा दिया है।