Loksabha Chunav 2024: अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' आज मथुरा में है। यहां बीएसए कॉलेज पर युवाओं से चर्चा हुई। युवाओं ने पेपर लीक का मुद्दा उठाया, तो वहीं कुछ युवा बेरोजगारी पर बोलते नजर आए।
लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम 16 अप्रैल को मथुरा पहुंचा। इस दौरान कृष्ण नगरी के युवाओं का चुनावी मूड जानने के लिए टीम बीएसए कॉलेज पहुंची। यहां युवाओं ने बेरोजगरी, शिक्षा और पेपर लीक के मुद्दे को उठाया।
किरन ने बताया कि रोजगार पर काम किया जाए। जिससे हर घर में रोजगार आ सके। युवाओं की चर्चा नहीं होती है। दीपिका ने बताया कि मेरे लिए भी सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा रोजगार ही है। यदि रोजगार होगा तो तरक्की होगी। लड़कियों को भी समान स्तर मिले। वहीं दीपिका ने कहा कि लोगों ने मंदिर पर सरकार को घेरा, लेकिन मैं पूछती हूं कि क्या मंदिर रोजगार नहीं देगा? हम तो ब्रजवासी हैं, हमारे लिए तो मंदिर ही सबकुछ हैं।
दीपिका ने कहा कि जब एक लड़का शिक्षित होता तो एक परिवार को फायदा होता है, लेकिन जब लड़की शिक्षित होती है तो दो परिवारों को उसका फायदा मिलता है। दीपिका ने कहा कि अब महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। कमलेश मौर्या ने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा है शिक्षा का। गरीब हो या अमीर सबकी शिक्षा समान होनी चाहिए। एक अलग मुद्दा बीएड का है। मैं बीएड कर रही हूं। मुझे पता है कि मेरे माता-पिता इतनी महंगी फीस कैसे दे रहे हैं।