यहां के लोगों ने किया मतदान बहिष्कार का एलान
अलीगंज कस्बा की कांशीराम आवासीय कॉलानी के लोगों ने चुनाव का एलान होते ही मतदान बहिष्कार की घोषणा कर दी थी। बाकायदा कॉलोनी गेट पर बैनर लगाकर लोग प्रदर्शन भी कर रहे हैं। इनका कहना है कि कॉलोनी में बिजली, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। बिना बिजली मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नहीं आया कोई भी अधिकारी, नेता
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि दूषित पेयजल से समय-समय पर बीमारियां फैल जाती हैं। असामाजिक तत्व महिलाओं, किशोरियों को परेशान करते हैं। लोगों को निराशा है कि मतदान बहिष्कार के एलान के बावजूद कोई अधिकारी, नेता उनका दुख-दर्द जानने नहीं पहुंचा। जिसके चलते वह बहिष्कार के निर्णय पर कायम हैं।
जलेसर विधानसभा क्षेत्र के महापुर गांव के मतदाताओं ने भी यही मन बना रखा है। हालांकि यहां मुद्दे अलग हैं। ग्रामीणों के अनुसार वह दो दशक से गंदगी, पेयजल संकट तथा जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन की समस्या से जूझ रहे हैं। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते लोगों ने सामूहिक रूप से मतदान बहिष्कार का निर्णय लिया है।