आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से डिग्री वितरण के लिए चलाए जा रहे प्रथम चरण का अभियान मंगलवार को संपन्न हुआ। आखिरी दिन मैनपुरी और एटा जिलों के कॉलेजों को एक साथ बुलाया गया था। लेकिन त्योहार के कारण महज 18 कॉलेज ही डिग्री लेने के लिए पहुंचे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2018-19 की डिग्री वितरण के लिए तीन नवंबर तक अभियान चलाया जाना था। हर दिन जिलेवार कॉलेजों को बुलाया गया था। दिवाली के त्योहार को देखते हुए एक दिन कम कर दिया गया। दो नवंबर को दो जिलों को एक साथ बुला लिया गया। कार्यक्रम में बदलाव एक दिन पहले किया गया। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव का कहना है कि त्योहार की वजह से आखिरी दिन कम कॉलेज डिग्री लेने के लिए पहुंचे। जो कॉलेज पहले चरण में डिग्री नहीं ले गए हैं, उनको दिवाली के बाद बुलाया जाएगा। दो-तीन दिन निर्धारित करके बचे हुए सभी कॉलेजों को डिग्री लेने के लिए बुलाया जाएगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर के मुताबिक पहले चरण के अभियान में कुल 318 कॉलेजों को 67389 डिग्रियां दी गईं। आखिरी दिन मैनपुरी और एटा के 18 कॉलेजों को करीब 8000 डिग्रियां वितरित की गईं।