आगरा फोर्ड डिपो के दो परिचालक शराब के नशे में ड्यूटी करते पकड़े गए हैं। एक परिचालक तो इतना नशे में था कि वह यात्रियों की टिकट बनाना तक भूल गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने एक को निलंबित और दूसरे की संविदा समाप्त की है।
फोर्ट डिपो की बस संख्या यूपी 80 एचटी 0499 आगरा से एटा मार्ग पर संचालित होती है। 26 अगस्त की रात को बस एटा से फोर्ड डिपो पहुंची। बस पर परिचालक संतोष कुमार बैग जमा करने के लिए कैश रूम में गया तो उसके पैर लड़खड़ा रहे थे। जानकारी चेकिंग टीम को हुई तो ब्रीथ एनालाइजर से परिचालक को चेक किया। परिचालक के शराब पीने की पुष्टि हुई।
परिचालक ने बस में पुलिस भर्ती परीक्षा देने वाले 71 अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र की फोटो कापी नहीं ली और न ही उनकी टिकट बनाई। चेकिंग टीम ने इसकी जानकारी फोर्ड डिपो के एआरएम आरएस चौधरी को दी तो उन्होंने परिचालक को निलंबित कर दिया। इसी तरह मथुरा मार्ग पर संचालित होने वाली बस यूपी 85 एटी 3851 के परिचालक विक्रांत त्यागी को भी डिपो में चेकिंग टीम ने ब्रीथ एनालाइजर से चेक किया तो शराब पीने की पुष्टि हुई। एआरएम फोर्ड ने परिचालक की संविदा समाप्त कर दी है।
शराब पीकर ड्यूटी पर आए तो कार्रवाई तय
क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम बीपी अग्रवाल ने बताया कि किसी भी कर्मचारी और अधिकारी का ड्यूटी पर शराब पीकर आना बर्दाश्त नहीं है। इससे निगम की छवि धूमिल होती है। दोनों परिचालकों ने शराब पीकर ड्यूटी की। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक फोर्ड ने एक को निलंबित किया है, दूसरे की संविदा समाप्त की है।