मैनपुरी। विकास भवन में बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग की ऋण वसूली की समीक्षा बैठक हुई। इसमें बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर दो शाखा प्रबंधक समेत चार लोगों का वेतन रोकने के आदेश सीडीओ ने दिए। वहीं वसूली की प्रगति में सुधार के लिए निर्देशित किया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने सभी 14 सहकारी बैंकों के शाखा प्रबंधक और पांच भूमि विकास बैंक (एलडीबी) के शाखा प्रबंधकों को बुलाया था। भूमि विकास बैंक मैनपुरी के शाखा प्रबंधक अनूप कुमार सचान और भोगांव के शाखा प्रबंधक संजीव यादव नहीं पहुंचे। मैनपुरी शाखा की ओर से पहुंचे लेखाकार मयंक जैन और भोगांव शाखा की ओर से पहुंचे शाखा आंकिक अनूप कुमार वसूली की प्रगति के बारे में जानकारी नहीं दे सके।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने दोनों शाखा प्रबंधकों और दोनों कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए। शाखा प्रबंधकों से ली गई जानकारी में पता चला कि अल्पकालीन ऋण वितरण वसूली की प्रगति 45 प्रतिशत है वहीं दीर्घकालीन ऋण वितरण की वसूली लगभग 50 प्रतिशत है। एनपीए ऋण की वसूली का प्रतिशत लगभग 15 पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने शाखा प्रबंधकों को वसूली में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विवेक सिंह, उप महाप्रबंधक राजेश कुशवाह, ओमवीर सिंह, एडीसीओ आशीष शुक्ला, सुशील कुमार मौजूद रहे।