आगरा। टेढ़ी बगिया 100 फुट रोड पर बारिश के कारण नाला ढहने पर तेज बहाव में दुकानों के नीचे की मिट्टी कटने से दुकानों के ढह जाने का खतरा मंडरा रहा है। नगर निगम ने मार्केट के मालिक को दुकानें खाली करने का नोटिस जारी किया है। नोटिस के बाद दुकानदारों ने भी खतरा देखकर दुकानें खाली करना शुरू कर दिया है।
12 दुकानों में से अधिकांश में सामान निकाला जा चुका है, वहीं तीन से चार फीट तक खोखली हो चुकी दुकानें कभी भी गिर सकती हैं। इस डर से मार्केट के मालिक ने ऊपरी मंजिल पर बने कमरों को तुड़वाना शुरू कर दिया है। इन दुकानों पर मंडराते खतरे को देखकर नाले से सटे अन्य दुकानदारों ने जर्जर हो चुके नाले की मरम्मत की मांग नगर निगम से की है।
नाला निर्माण के लिए शासन से मांगी अनुमति
बारिश के तेज बहाव में पुराने नाले की दीवार ढहने के बाद इससे सटी दुकानें खतरनाक हो गई हैं। नगर निगम ने उन दुकानों को खाली करने का नोटिस दिया है जो असुरक्षित इमारत एकदम किनारे हैं। नाले की मरम्मत के लिए यहां जगह चाहिए। 15वें वित्त आयोग में नालों के निर्माण के लिए शासन से अनुमति मांगी है। - निखिल टी फुंडे, नगर आयुक्त
दो साल से कर रही नाला निर्माण की मांग
मैं दो साल से नाले के निर्माण की मांग कर रही हूं। दौड़ भागकर अधिकारियों से जैसे तैसे एस्टीमेट तैयार कराए हैं, लेकिन 490 मीटर लंबे नाले का कोई हिस्सा बनाने के लिए नगर निगम तैयार नहीं है। दुकानों को खाली करके लोगों को यहां से जाना पड़ा है। यह मुश्किल नहीं आती, अगर निगम नाला बना देता या मरम्मत कर देता। - मिथिलेश, पार्षद, नाई की सराय
अन्य भवन भी गिरासू
नाले से सटे जितने भी मकान और दुकानें हैं, उन सभी में सीलन आ रही है और सभी बेहद खतरनाक हालत में हैं। नाले के तेज बहाव से कटान में उन दुकानों के अलावा कई अन्य भवन भी गिरासू रखे हैं। अगर नाले की मरम्मत न हुई तो बाकी मकान, दुकान भी ढह जाएंगे। - प्रताप सिंह, टेढ़ी बगिया