फतेहाबाद। डौकी थाना क्षेत्र के ग्राम पूठपुरा के समीप बृहस्पतिवार की सुबह खेत में एक नवजात शिशु बोरे में भरकर फेंका मिला। खेत की तरफ गए ग्रामीणों को नवजात के रोने की आवाज पर इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक डौकी के गांव पूठपुरा के लोग बृहस्पतिवार की सुबह खेत में काम करने जा रहे, तभी उन्हें बाजरे के खेत में बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज वहां फेंके बोरे से आ रही थी। खोलने पर उसमें एक नवजात शिशु लपेटा मिला। यह देख गांववाले सन्न रह गए। मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एके सिंह ने बताया कि बच्चे का उपचार किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि नवजात शिशु को बोरे में भरकर कौन फेंक गया था। इसका पता किया जा रहा है।