आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में विषय विशेषज्ञों की तैनाती में अड़चनें आ गई हैं। 21 और 22 अक्तूबर को 40 विषयों के लिए करीब 135 विषय विशेषज्ञों के चयन का प्रस्ताव समितियों की ओर से विश्वविद्यालय को दिया गया। राजभवन से यह निर्देश दिया गया कि रिक्त पदों के सापेक्ष अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति प्रक्रिया की जाए। इससे विश्वविद्यालय प्रशासन अब उन्हीं विभागों के लिए चयनित विषय विशेषज्ञों को पढ़ाने के लिए आमंत्रित करेगा, जिनमें शिक्षकों के स्वीकृत पद खाली हैं। विश्वविद्यालय में स्वीकृत पद 93 हैं। इसमें से महज 45 भरे हुए हैं। फिलहाल शेष 48 पदों पर ही विषय विशेषज्ञ रखे जा सकेंगे।
विषय विशेषज्ञों का साक्षात्कार खत्म होने के छह दिनों बाद भी चयनितों को पत्र जारी नहीं किया गया। विषय विशेषज्ञ इंतजार कर रहे हैं। बुधवार को संस्थानों के निदेशक और विभागाध्यक्ष कुलसचिव संजीव कुमार सिंह से मिले थे, उन्होंने राजभवन की ओर से जारी पत्र का हवाला देते हुए स्वीकृत रिक्त पद वाले विषयों में ही फिलहाल विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित करने की बात कही। जिन विषयों में पद स्वीकृत नहीं हैं, उन पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय में केएमआई के फ्रेंच और जर्मन भाषा, दाऊदयाल वोकेशनल इंस्टीट्यूट में बीएससी वोकेशनल, बीकॉम वोकेशनल, आईटीएचएम के बीबीए व एमबीए, स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज के माइक्रोबॉयोलॉजी, बायोटेक, बायो केमेस्ट्री, फॉरेस्ट्री, ललित कला संस्थान के बीएफए व एमएफए, बीपीएड व बीपीई पाठ्यक्रमों में पद स्वीकृत नहीं हैं। जबकि जर्मन भाषा को छोड़कर बाकी विषयों के लिए विषय विशेषज्ञों का साक्षात्कार हो चुका है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर राजभवन से विषय विशेषज्ञ रखे जाने के लिए अनुमति मांगी गई थी। सात अक्तूबर को राजभवन से कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता की ओर से विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र जारी किया गया। इसमें कहा गया कि विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के शैक्षणिक विभागों व संस्थानों में रिक्त शिक्षकों के पदों के सापेक्ष अतिथि प्रवक्ताओं (गेस्ट फैकल्टी) की नियुक्ति प्रक्रिया विश्वविद्यालय के नियमों के अंतर्गत की जाए। विश्वविद्यालय की ओर से अतिथि प्रवक्ताओं की जगह विषय विशेषज्ञ की तैनाती के लिए विज्ञापन जारी किया। उन विषयों के लिए भी साक्षात्कार कराए गए, जिनमें स्वीकृत रिक्त पद नहीं हैं।
विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित करने के लिए जल्द पत्र जारी किए जाएंगे। पहले चरण में स्थायी विभागों के स्वीकृत रिक्त पदों के सापेक्ष विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। साक्षात्कार विषय विशेषज्ञ के लिए किया गया था। बाकी कार्यक्रमों में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। - प्रो. आलोक कुमार राय, प्रभारी कुलपति