नगर आयुक्त ने इंटरलॉकिंग टाइल्स और सड़कों के निर्माण में गड़बड़ी पर कार्रवाई की। 13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जो ठेकेदारों के भुगतान से ही काटा जाएगा।
आगरा की नगर निगम सीमा में वित्त आयोग से मिले बजट से बनाई जा रही सड़कों और इंटरलॉकिंग टाइल्स से हो रहे गलियों में निर्माण कार्य में गड़बड़ी पर 13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने खामियों पर यह कार्रवाई की है। ठेकेदारों के भुगतान से ही यह कटौती की जाएगी।
विज्ञापन
नगर निगम ने हाल में ही 33 जगहों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स और डामर रोड का निर्माण कराया है। नगर आयुक्त ने गुणवत्ता की जांच और निरीक्षण कराया तो कुछ जगहों पर खामियां मिलीं, जिन पर अलग अलग मामलों में कुल 13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह धनराशि भुगतान में ही काट ली जाएगी।
मंडलायुक्त ने दी थी चेतावनी
हाल में ही मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने शहर में निरीक्षण के दौरान इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनाए जा रहे फुटपाथ और साइड पटरी को ऊंचा-नीचा पाया था। इस पर उन्हाेंने ठेकेदार को चेतावनी देने और कार्रवाई के लिए निर्देश दिए थे, जिसके बाद नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सड़कों की जांच कराकर खामियों पर 13 लाख रुपये की कटौती के आदेश दिए हैं।
अगले माह तक 23 गलियों में होगा निर्माण
सड़कों पर गड्ढों की शिकायतों को देखते हुए नगर निगम अगले माह तक 23 सड़कों का निर्माण और कराएगा। पार्षदों की मांग पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने 23 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इसमें लोहामंडी, शाहगंज, हरीपर्वत जोन की सड़कें शामिल हैं, जिन्हें दिसंबर तक पूरा करा दिया जाएगा। अगले सप्ताह टेंडर जारी होंगे और उसके बाद दिसंबर में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।