मां-बेटों को पीटकर किया घायल
नगला रामफल में हुई घटना, सात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। गांव नगला रामफल में लाठी डंडे और लोहे का पाइप लेकर एक घर में घुसे आरोपियों ने मां बेटों को पीटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला रामफल निवासी रामपाल सिंह ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि 30 दिसंबर को गांव के लाल कुमार, उम्मेद कुमार, दुर्वेश कुमार, अनोज कुमार, मनोज कुमार, ब्रजेश कुमार, फेरू सिंह सैलामऊ हाथों में लाठी डंडा और लोहे का पाइप लेकर घर में घुस आए। आते ही गाली-गलौज करते हुए उसे व मां रामबेटी को पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुन कर बचाने आए भाई आदेश की भी पिटाई कर दी। फेरू सिंह ने उसके सिर में लोहे का पाइप मार दिया। चीख पुकार सुन कर घर के बाहर ग्रामीण एकत्र हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घायलों का मेडिकल कराया। बृहस्पतिवार को आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।