स्कूल से लौट रहे छात्र से लूट की कोशिश
नाकाम होने पर की पिटाई, किशनी क्षेत्र में हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। स्कूल से घर वापस लौट रहे एक छात्र को सती मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया। नकदी और मोबाइल लूटने की कोशिश की। नाकाम होने पर बदमाशों ने छात्र की पिटाई कर दी। इसके बाद इटावा की ओर भाग गए। किशनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला हवेली निवासी प्रदीप गुप्ता का पुत्र यर्थात गुप्ता बृहस्पतिवार को स्कूल गया था। दोपहर के समय वह छुट्टी के बाद स्कूल से घर वापस लौट रहा था। वह जब सती मंदिर के पास पहुंचा तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने छात्र से मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश की। छात्र के विरोध के चलते बदमाश वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे। गुस्साए बदमाशों ने छात्र को पीटना शुरू कर दिया। इस बीच लोगों को आता देख तीनों बदमाश बाइक पर बैठ कर इटावा की ओर भाग गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। घायल हुए छात्र का मेडिकल कराया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।