पश्चिम बंगाल से दो साल पहले लापता हुई नाबालिग ने अचानक एक अनजान नंबर से फोन कर खुद को ताजमहल के पास फंसा होने की बात कही। सूचना मिलते ही परिवार आगरा पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस को नंबर की जांच कर बच्ची की तलाश के निर्देश दिए गए हैं।
दो वर्ष से लापता नाबालिग का अचानक परिवार के पास अंजान नंबर से कॉल आ गया। बेटी ने ताजमहल के पास होने की जानकारी दी। इस पर परिवार बंगाल से आगरा आ गया। थाना ताजगंज पुलिस ने सुनवाई नहीं की। एसीपी के निर्देश पर पुलिस बेटी की तलाश कर रही है।
पश्चिम बंगाल के जिला उत्तर, बारहसाथ निवासी झरना बीबी ने बताया कि दो वर्ष पूर्व उनकी 15 वर्षीय बेटी स्कूल से लापता हो गई। उसकी गुमशुदगी दर्ज है। 17 जनवरी को उनके भाई करीम के पास अनजान नंबर से कॉल आया। दूसरी ओर से बेटी ने बात की और बताया कि ताजमहल के पास एक स्थान पर फंसी हुई है। उसने बचाने की अपील की। वह परिवार के साथ आगरा आ गईं।
यहां उस नंबर पर कॉल किया लेकिन बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। थाना ताजगंज पुलिस ने कोई मदद नहीं की। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदीप राठौर ने बताया कि महिला पुरानी मंडी चौराहे पर भटक रही थीं। एसीपी ताज सुरक्षा योगेंद्र नागर को मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। थाना पुलिस को संबंधित नंबर की जांच कर नाबालिग को ढूंढने का निर्देश दिया है।