आगरा के थाना शाहगंज के शंकर गढ़ की पुलिया के पास नाले में सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मृतक के परिजन आ गए।
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि सुबह तकरीबन 11:30 बजे सूचना मिली थी कि शंकर गढ़ की पुलिया स्थित सार्वजनिक शौचालय के बाहर नाले में एक युवक का शव पड़ा है। इस पर मौके पर पहुंच गए।
युवक के कोई जाहिरा चोट नहीं थी। मौके पर शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में परिजन थाने पर आए। मृतक की पहचान 29 वर्षीय लवकुश के रूप में की। बताया कि वह रविवार रात से घर नहीं आया था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबने से आया है। परिजनों ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस जांच कर रही है कि लवकुश नाले में कैसे गिरा। परिजनों को भी बुलाया जाएगा।