कासगंज जिले में शराब माफिया डॉ. डैन और उसकी पत्नी की अवैध कारोबार से अर्जित करीब पौने दो करोड़ रुपये की संपत्ति प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने जब्त की है। संपत्ति जब्त करने के बाद पुलिस ने शनिवार को मुनादी करके इसका बोर्ड जब्त की गई जमीन पर लगा दिया है।
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि शराब माफिया मुनेश प्रताप सिंह उर्फ डॉ. डैन के फार्म हाऊस नगला भवानी पर अवैध शराब कारोबार संचालित किया जा रहा था। छह जून को पुलिस ने अवैध शराब और अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की धाराओं में मामला पंजीकृत करके डॉ. डैन को जेल भेजा गया। उस पर अब तक अपहरण, हत्या, बलवा, जानलेवा हमला, डकैती, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज है।