आगरा में ताजमहल का दीदार करने के लिए सैलानियों को शनिवार को घंटों इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत में रहे स्कूली बच्चे, जो क्रिसमस की छुट्टियों में पिकनिक पर देश के कोने-कोने से आए थे। ताजमहल पूर्वी और पश्चिमी गेट पर कतार में लगकर ही वह थककर चूर हो गए।
घंटों इंतजार के दौरान कतार में ही लगकर बच्चों ने खाना खाया। ताज के दीदार में कतार के कारण शाम होने पर वह अन्य स्मारक देखने नहीं जा सके।
शनिवार को ताजमहल पर 70 हजार से ज्यादा सैलानी पहुंचे। ताज की टिकट खिड़कियों से तो कुल 28,989 टिकट बिके, लेकिन 15 साल से कम उम्र के स्कूली बच्चों की संख्या शनिवार को ज्यादा रही। देशभर से स्कूली बच्चे पिकनिक पर ताज आए थे।