यमुना एक्सप्रेसवे पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को शुक्रवार की रात सिपाहियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस वालों की पिटाई कर डाली।
इतना ही नहीं भीड़ ने बाजना पुलिस चौकी को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। गोमत-नौहझील मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जब दोषी पुलिस वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिया तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
शुक्रवार की रात करीब आठ बजे एक सिपाही और उसके साथियों ने यमुना एक्सप्रेसवे कट पर स्थित एक खोखे वाले की किसी बात पर पिटाई कर दी। बात बढ़ी तो आवाज सुनकर एक्सप्रेसवे पर तैनात गार्ड रोहताश भी मौके पर पहुंच गया।
वह बीच बचाव कर ही रहा था कि डायल 100 की गाड़ी लेकर पुलिस वाले पहुंच गए। रोहताश ने जब सिपाही पर खोखे वाले को पीटने का आरोप लगाया तो सभी सिपाही उस पर टूट पड़े और बुरी तरह से पीटा। इतना मारा कि वह बेहोश हो गया। रोहताश के साथियों ने इसकी जानकारी उसके गांव जरेलिया में दी। रात को ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।