कासगंज के अमांपुर में बिना अनुमति के जुलूस ए मोहम्मदी निकाले जाने पर सीओ के समक्ष शिकायत करते लोग
- फोटो : KASGANJ
अमांपुर(कासगंज)। कस्बा में पहली बार बिना अनुमति के जुलूस ए मुहम्मदी निकाले जाने से लोगों में रोष है। एसपी ने थाना प्रभारी को हटा दिया है। साथ ही मामले की जांच सीओ को सौंप दी है। आक्रोशितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के इस्लामिया स्कूल से बिना अनुमति के जुलूस ए मुहम्मदी का शुभारंभ किया गया। जुलूस कस्बे के विभिन्न मागों से होता हुआ जुलूस कोतवाली के सामने से होते हुए निकाला गया। जुलूस के दौरान थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कस्बे में पहली बार हुए इस आयोजन से लोगों में आक्रोश फैल गया। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। जब इस बात की जानकारी एसडीएम आरके वर्मा एवं सीओ सहावर शैलेंद्र प्रतिहार कोतवाली पहुंच गए। लोगों का कहना था कि कस्बे में कभी भी जुलूस का आयोजन नहीं किया गया। पीस कमेटी की बैठक में कस्बे में कभी भी जुलूस न निकाले जाने की बात को स्वीकार किया था।
इसके बाद भी थाना प्रभारी ने नगर पंचायत चैयर मैन की मिली भगत से पुलिस अभिरक्षा में बिना अनुमति के जुलूस निकलावाया। जुलूस में स्थानीय लोगों के अलावा बाहरी लोगों को भी बुलाया गया। साथ ही धार्मिक नारे भी लगाए। कस्बे में नई परंपरा डालने की कोशिश की गई है। इस मामले में विधिक कार्रवाई की जाए। सीओ ने मामले की जानकारी एसपी को दी। एसपी रोहन प्रमोद वोत्रे को दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को तत्काल पद से हटा दिया। इसके साथ ही मामले की जांच सीओ को सौंप दी। आक्रोशित लोगों में राकेश कुुमार, धीरज सिंह, संजय सिंह सोलंकी, हरिओम वर्मा, बृजेश कुमार, विनय कुमार की ओर से तहरीर दी है।
बिना अनुमति के जुलूस निकाले जाने के मामले में थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। मामले की जांच सीओ को सौंप दी गई है। जुलूस के आयोजकों पर भी प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई की जाएगी। - रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी