एसआईटी से जांच कराने की मांग
पुलिस हिरासत में अल्ताफ की मौत के मामले में न्यायिक और विशेष जांच की मांग तेज होती जा रही है। अब मुंबई के एक अधिवक्ता ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय को पत्र याचिका भेज कर विशेष जांच दल के गठन की मांग की।
मुंबई हाईकोर्ट के अधिवक्ता ने पत्र याचिका में अपना नाम स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट को भेजी याचिका में लिखा है कि वह ट्रेन में यात्रा के दौरान यह पत्र याचिका लिख रहे हैं। इसलिए हार्ड कॉपी उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं। अधिवक्ता ने अपने पत्र में लिखा है कि कासगंज में पुलिस हिरासत में हुई अल्ताफ की मौत झकझोरने वाली है।
उन्होंने एक अन्य मामले का हवाला दिया है। इसमें सुप्रीम कोर्ट द्वारा इसी तरह के मामले में आरोपियों को दंडित किए जाने का जिक्र है। अधिवक्ता ने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया है कि वह इस मामले में विशेष जांच दल गठित करें। जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
बेटे की मौत की हो सीबीआई जांच- परिजन
अल्ताफ की मां फातिमा ने अब मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाई है। उन्होंने कहा है कि स्थानीय स्तर पर की जाने वाली जांच में उन्हें भरोसा नहीं है। इसलिए मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।