कासगंज/अमांपुर। पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाए जाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से 10 तमंचे व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए। क्षेत्र के ग्राम वरसौड़ा में शस्त्र बनाने के लिए ठिकाना बनाया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि गांव वरसौड़ा में खेत में चलाई जा रही शस्त्र फैक्ट्री की जानकारी पुलिस को मिली। थाना प्रभारी मृदुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार की रात छापामार कारवाई की। पुलिस को देखकर अवैध शस्त्र बनाने लोग भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी प्रेमपाल निवासी वरसौड़ा को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी स्वदेश निवासी वरसौड़ा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। भागे हुए आरोपी की पुलिस तलाश कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपी चार विभिन्न आर्म्स एक्ट के मुकदमों में वाछित है।