कासगंज। गंगानदी का जलस्तर स्थिर है, लेकिन गंगा का पानी गांव की ओर बढ़ रहा है। उढ़ेर बांध तक पानी पहुंच गया है। इसको लेकर ग्रामीणों में चिंता है।
कछला गंगानदी में हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा बैराज से प्रतिदिन पानी छोड़ा जा रहा है। पिछले चार दिन से सीमित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे जलस्तर में स्थिरता बनी हुई है। बीती 30 जुलाई से कछला गंगानदी में 163.65 के निशान पर पानी है। जो सोमवार को भी इसी स्तर पर रहा है। गंगानदी में लो फ्लड के हालात बने हुए हैं। गंगा का बहाव भले ही तेज न हुआ हो, लेकिन पानी की धार कटान करने लगी है। दतलाना और लहरा गांव सहित पटियाली क्षेत्र के गांव की ओर पानी बढ़ने लगा है। इधर नगला शंभू में बीते तीन दिन से हो रहे कटान पर सिंचाई विभाग ने काबू पा लिया है। अन्य बांधों पर मरम्मत के लिए टीमें लगाई हैं।
आंकड़े की नजर से-
- 89113 क्यूसेक पानी हरिद्वार से छोड़ा।
- 86850 क्यूसेक बिजनौर से छोड़ा गया।
- 143352 क्यूसेक नरौरा बैराज से छोड़ा।
- हरिद्वार बैराज से पानी का दबाव कम होने लगा है। जिससे आने वाले दिनों में गंगानदी में जलस्तर कम हो जाएगा। नगला शंभू में कटान रोक लिया गया है। अन्य स्थानों पर भी निगरानी कराई जा रही है- अरूण कुमार, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।