कासगंज/ गंजडुंडवारा। कोरोना संकट अभी पूरी तरह से खत्म नही हुआ है। इसी बीच लोगों पर एक नई मुसीबत आ गई है। जानलेवा बुखार अपना कहर बरपा रहा है। डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर की चपेट में लगातार लोग आ रहे हैं। इसी के साथ मौत का सिलसिला भी लगातार बढ़ रहा है। गंजडुंडवारा का गनेशपुर तो बुखार का हॉटस्पॉट बन चुका है। इस गांव में एक और बालिका की मौत बुखार से हो गई। इसके अलावा मोहल्ला वनखंडी का एक युवक मौत के आगोश में समा गया।
मोहल्ला बनखंडी निवासी मुकेश पाठकर (40) पुत्र वेदप्रकाश 14 सितंबर को अपने पिता के साथ आगरा दवा लेने के लिए गया। उसे जब बुखार महसूस हुआ तो उसने मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खाली। इसके बाद वह अपने पिता के साथ घर लौट आया। घर आने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। उसने निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन बुखार से कोई राहत नहीं मिली और उसकी मौत हो गई।
गनेशपुर निवासी सानिया (12) शेर मोहम्मद को पांच दिन पहले बुखार आ गया। बुखार के बाद परिजनों ने उसे निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन कोई राहत नही मिली। उसकी हालत शुक्रवार को और बिगड़ गई। उसके मुंह से खुन आ गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
ग्राम गनेशपुर में लगातार मौत का सिलसिला बना हुआ है। इस गांव में बुखार से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि बड़ी संख्या में लोग बाहरी जनपदों में अपना इलाज करा रहे हैं। लगातार मौतों के बाद भी स्वास्थ्य महकमे के द्वारा ग्रामीणों के इलाज के लिए कदम नहीं उठाए जा रहे।
ग्राम बसई में बालक निकला डेंगू पॉजिटिव
सिढ़पुरा। ग्राम बसई में मोहम्मद अबू सूफियान (6 )पुत्र नाहिद खान पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित है। जिसका इलाज गंजडुंडवारा में निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। उसकी डेंगे की जांच की गई। जांच रिपोर्ट पोजेटिव आई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंजुश सिंह ने बताया कि बालक की जांच किट कार्ड से की गई है, जिसमें उसकी रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव पाई गई है। अभी उसकी जांच लैब से नहीं हुई है। लैब जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।