फिरोजाबाद के सिरसागंज में पुलिस की हिस्ट्रीशीटर लुटेरे से मुठभेड़ हो गई। लुटेरे के पैर में पुलिस को गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया है। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिरोजाबाद पुलिस ने मैनपुरी के हिस्ट्रीशीटर लुटेरे को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हिस्ट्रीशीटर पर मैनपुरी, एटा और फिरोजाबाद में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
एसपी ग्रामीण फ़िरोज़ाबाद अखिलेश भदौरिया ने बताया कि 3 अक्तूबर को थाना सिरसागंज में बाइक चोरी के मामले में एक मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। चोरी की घटना के संबंध में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। शनिवार रात को मुखबिर की सूचना पर सिरसागंज पुलिस ने कार्रवाई की। मुखबिर ने बताया कि बाइक चोरी करने वाला आरोपी बाइक पर कस्बा सिरसागंज की ओर आ रहा है तो पुलिस टीम ने ग्राम सूरजपुर दुगमई के पास चेकिंग शुरू की।
विज्ञापन
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर संदिग्ध व्यक्ति ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
सीओ सिरसागंज विनीत कुमार ने बताया पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी की पहचान यादवेन्द्र उर्फ मोना पुत्र मुकेश चंद्र निवासी एमा हसननगर थाना बरनाहल जनपद मैनपुरी के रूप में हुई।