आगरा: पिनाहट में दुकान सील करते स्वास्थ्य विभाग कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के पिनाहट में झोलाछाप के इंजेक्शन ने मासूम की जान ले ली है। स्वास्थ्य विभाग ने ढोलादाप की दुकान पर ताला लगा दिया है। नोटिस देकर चिकित्सकीय डिग्री और पंजीकरण मांगा है। प्रमाण पत्र न दिखाने पर दुकान सील कर एफआइआर दर्ज होगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि पिनाहट के बामन टूला गांव में घनश्याम के एक साल के बेटे रितिक को तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजन स्वास्थ्य केंद्र पर न आकर कस्बे के ही माणिक चंद्र की दुकान पर दिखाने गए। इसने इंजेक्शन लगाया, जिससे बच्चे की हालत खराब हो गई और दम तोड़ दिया। जानकारी पर दुकान पर छापा मारा तो मौके पर माणिक चंद्र मिला। उससे चिकित्सकीय डिग्री और लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाया। अलमारी में दवाएं भी रखी थी, डिब्बे में बायोमेडिकल वेस्ट भी पड़ा था। अपंजीकृत सेल के प्रभारी से बात कर दुकान पर ताला लगा दिया है। 24 घंटे में चिकित्सकीय डिग्री और लाइसेंस मांगा है। यह न दिखाने पर इसकी दुकान सील करते हुए थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
झोलाछाप चिह्नित कर मांगी है रिपोर्ट, सभी पर कराएंगे मुकदमा: सीएमओ
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि पिनाहट के अलावा सभी सीएचसी प्रभारियों से अपने क्षेत्र में झोलाछाप को चिह्नित कर रिपोर्ट मांगी है। इन सभी पर छापा मारकर सील कराते हुए मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। लोगों से अपील है कि बुखार-खांसी समेत अन्य किसी परेशानी पर सीएचसी समेत सरकारी अस्पतालों का लाभ उठाएं, झोलाछाप की दुकानों की शिकायत भी कर सकते हैं।
मथुरा: राधाकुंड घूमने आए रशियन बालक से कुकर्म, आरोपी के खिलाफ पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज