कान्हा की क्रीड़ा स्थली ब्रज भूमि में सवा माह से भी अधिक समय तक रंगोत्सव मनाया जाता है। नंदगांव-बरसाना की अद्वितीय लठामार होली में लाठियों से भी प्रेम रस की वर्षा होती है। होली का शुभारंभ वसंत पंचमी से हो जाता है।
वसंत पंचमी के दिन ठाकुर जी पर गुलाल, टेसू के रंग, कुमकुम आदि का छिड़काव भी किया जाता है। इसी क्रम में नंदगांव बरसाना के गोस्वामीजनों द्वारा समाज गायन के दौरान आपस में गुलाल लगाकर इस महोत्सव का शुभारंभ किया जाता है।
नंदबाबा मंदिर के सेवायत रमेश चंद गोस्वामी ने बताया कि ब्रज में यह होली का महोत्सव चालीस दिन तक धूलहोली तक चलता है। वसंत पंचमी से पूर्णिमा तक नव वसंत रहता है।