यूपी के कासगंज-बरेली स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात ज्वलनशील पदार्थ से भरा टैंकर ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे की चपेट में आकर ट्रक चालक और टैंकर चालक जलकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान ट्रक चालक की मौत हो गई। वहीं टैंकर चाल की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति के जलने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि देर शाम तक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
सकरी पुलिया पर हादसा
यह हादसा सोरों कस्बे में सकरी पुलिया पर देर रात तकरीबन दो बजे हुआ। बताया गया है कि बरेली की ओर से जा रहे मिथाइल से भरा टैंकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
वाहनों से आग की लपटें निकलता देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की लपटों से घिरा ट्रक ड्राइवर चयन सिंह पुत्र माधो सिंह निवासी पाली, राजस्थान कूद पड़ा। लोगों ने उसकी आग बुझाई। वहीं लोगों ने बमुश्किल टैंकर चालक बंटी पुत्र रतन लाल निवासी गुजर बटी, टोंकर राजस्थान को टैंकर से निकाला।
दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से दोनों को अलीगढ़ रेफर किया गया। यहां ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद लगभग पांच घंटे तक बरेली-कासगंज स्टेट हाइवे जाम रहा।