फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

16 जगह जलभराव, पनप रहा डेंगू का लार्वा

विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। फिरोजाबाद में डेंगू के डंक ने कहर बरपा दिया है। ऐसे हालात आगरा में भी बन सकते हैं। शहर में 16 जगह स्थायी रूप से जलभराव हो गया है, जहां पानी निकालने के लिए नगर निगम के पंप लगे हुए हैं, फिर भी वहां पानी जमा है। इसके अलावा शहर की सड़कों, गलियों और खाली प्लॉटों में बुधवार की बारिश का पानी अब तक जमा हुआ है, जिनमें अब मच्छरों का लार्वा पनप रहा है। एंटी लार्वा का छिड़काव न होने और सड़क किनारे गंदगी में पानी जमा होने के कारण मच्छरों का प्रकोप भी है, जो इनके पास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बन रहा है।
विज्ञापन

पालीवाल पार्क से घटिया आजम खां की ओर जाने वाले रास्ते पर पीर कल्याणी में सड़क किनारे तीन दिनों से बारिश का पानी जमा हुआ है। इसमें अब मच्छरों का लार्वा पनप रहा है। नगर निगम के वाहन यहां से निकले, लेकिन एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं हुआ।
अवधपुरी क्षेत्र में सड़कें टूटी होने के कारण तीन दिनों से एक फुट तक पानी जमा हुआ है। इसमें अब मच्छर पनप रहे हैं। क्षेत्रीय निवासी अनिल शर्मा के मुताबिक घरों के बाहर चंद मिनट भी खड़ा होना मुमकिन नहीं है। मच्छरों का ऐसा हमला पहले कभी नहीं देखा।
विज्ञापन

सिकंदरा में स्मारक के सामने, राधा नगर और एलआईसी बिल्डिंग के सामने की तलैया में पानी जमा है, जहां मच्छरों का प्रकोप लोगों को परेशान कर रहा है। सिकंदरा निवासी प्रदीप कुशवाह के मुताबिक एनएचएआई ने नाला नहीं बनाया, जिस वजह से पानी स्मारक की दीवार के किनारे भरा रहता है।
जोन कार्यालय के गमलों में जमा पानी
लोहामंडी जोन के आवास विकास कॉलोनी स्थित सेक्टर-9 स्थित कार्यालय में गमलों में तीन दिन से पानी जमा होने के कारण मच्छरों का लार्वा पनप रहा है। गृहकर और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र काउंटर के ठीक सामने रखे तीन गमलों में पानी जमा होने के कारण डेंगू मच्छरों का लार्वा पनप गया। यहां गृहकर जमा करने आने वाले लोगों की शिकायत है कि नगर निगम के अधिकारी घरों में कूलर में पानी मिलने पर नोटिस जारी कर रहे हैं, पर अपने ही ऑफिस में उन्हें जलजमाव नजर नहीं आया। क्षेत्रीय निवासी राधा शर्मा के मुताबिक दिया तले अंधेरा बना हुआ है। नगर निगम के कर्मचारी पहले अपने ऑफिस में तो एंटी लार्वा का छिड़काव और भरा हुआ पानी निकालें।
इन जगहों पर भरा हुआ है पानी
कौशलपुर, नगला परसोती, देवरी रोड, भीमनगर तलैया, सिकंदरा तलैया, राधा नगर, खेरिया मोड़, कमाल खां दरगाह, सौहल्ला, राधे वाली गली, नरीपुरा सराय बस्ती, नगला प्यारे, हमीद नगर, प्रकाश नगर, टेढ़ी बगिया पुरानी बस्ती, सुशील नगर अंडरपास।
बिना पानी के चलाएं कूलर
नगर निगम ने एंटी लार्वा और फॉगिंग का हर वार्ड का रोस्टर बनाया हुआ है। लोग भी सहयोग करें। अपने कूलर या घर में कहीं पानी जमा न होने दें। टंकियों की नियमित सफाई करें। कोशिश करें कूलर बिना पानी के ही चलाएं। फॉगिंग न हो तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। - नवीन जैन, मेयर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें