कासगंज/गंजडंडवारा। जानलेवा बुखार का प्रकोप जनपद के नए क्षेत्रों में फैलता जा रहा है। मंगलवार को ढोलना के इटउआ एवं गंजडुंडवारा के उस्मानपुर में एक एक बच्चे की बुखार से मौत हो गई।इन मौतों के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया।
ढोलना के ग्राम इटउआ निवासी माधव (6) पुत्र योगेंद्र को 5 दिन पहले बुखार आया। इसके बाद परिजनों ने उसे निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन राहत नहीं मिली। चिकित्सकों ने उसे बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे आगरा ले गए। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत होते ही परिजन चीत्कर कर उठे। गंजडुंडवारा के उस्मानपुर निवासी किशन (13) को तीन दिन पहले बुखार आया। परिजन उसे एटा ले गए। हालत में सुधार न आने पर परिजन उसे बरेली ले गए। जब राहत नहीं मिली तो चिकित्सकों ने उसे बाहर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे लखनऊ ले गए। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत होते ही परिजन चीत्कार कर उठे।
वहीं गंजडुंडवारा के नेथरा में मुसाइद, नशीर, परवेज, हसीना, इतवारी, श्यामलाल, पप्पू, शेरसिंह बुखार की चपेट में है। इनका इलाज बदायूं में चल रहा है। वहीं बढ़ारी वैस की रोली, गौरी,रानामऊ की वर्षा, करमपुरा का आदेश बुखार की चपेट में आ गए। परिजन इनका इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां इनका इलाज चल रहा है। जिला में बुखार के प्रकोप से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक 45 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन विभाग बुखार, डेंगू, मलेरिया के बढ़ते प्रकोप पर अंकुश लगाने में विफल सावित हो रहा है।
स्कूल में कर दिया अवकाश घोषित
पटियाली। गंजडुंडवारा के उस्मानपुर निवासी किशन पटियाली के संत केएम इंटर कॉलेज में कक्षा 4 का छात्र था। बुखार से उसकी मौत की सूचना मिलते ही प्रबंधक श्याम किशोर ने अवकाश घोषित कर दिया। विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं, छात्र छात्राओं ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्घांजलि दी। संवाद