कुसमरा। रामलीला मैदान के निकट चल रहे एक स्कूल में छात्रों की कोरोनाकाल की फीस को लेकर अभिभावक व प्रधानाचार्य आमने-सामने आ गए। प्रधानाचार्य पर फीस को लेकर छात्रों स्कूल से बाहर निकालने का आरोप लगाया गया।
मंगलवार को स्कूल में पढ़ने पहुंचे छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य ने फीस जमा न होने के कारण स्कूल परिसर से बाहर निकाल दिया। यह आरोप लगाते हुए अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्य से बात करनी चाही लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। गुस्साए अभिभावक चौकी पर पहुंचे और लिखित शिकायत की। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार ने प्रधानाचार्य को बुलाकर जानकारी जुटाई। प्रधानाचार्य का कहना है कि छात्रों को स्कूल परिसर से बाहर नहीं निकाला गया। कोरोना काल में बंद रहे स्कूलों की मासिक फीस में प्रबंध कमेटी ने 50 प्रतिशत की छूट दी है। यदि किसी अभिभावक के पास छूट को लेकर सरकार द्वारा कोई निर्देश की कॉपी है तो प्रबंध कमेटी को अवगत कराया जाएगा। छात्रों से एक मुश्त फीस नहीं ली जा रही है अधिकांश अभिभावक किश्तों में फीस जमा कर रहे हैं।