विदेशी पर्यटकों के लिए चलने वाली महाराजा स्पेशल ट्रेन की तर्ज पर आईआरसीटीसी भारतीय पर्यटकों के लिए डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन 30 मार्च से शुरू करने जा रही है। इसमें वह गुवाहाटी-काजीरंगा-शिलॉन्ग और दार्जिलिंग-गंगटोक-कलिम्पोंग की सैर करवाएगी।
आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड) के संयुक्त महाप्रबंधक आनंद कुमार झा ने रविवार को आगरा कैंट स्टेशन पर मीडिया से बातचीत में बताया कि विदेशी पर्यटकों के लिए चलने वाली महाराजा स्पेशल ट्रेन की तर्ज पर डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन से नॉर्र्थ ईस्ट की सैर करवाई जाएगी। 30 मार्च से शुरू होने वाले नौ रात व 10 दिन के इस टूर पैकेज में पर्यटकों को दो विकल्प भी दिए गए हैं। स्पेशल ट्रेन में केवल 100 यात्री ही सफर करेंगे।
परामर्श केंद्र पर आया हैरान करने वाला मामला, पत्नी को भड़काती है सास, काउंसलर को पति ने सुनाया ऑडियो
इनक्रेडेबिल नॉर्थ ईस्ट में गुवाहाटी, काजीरंगा और शिलॉन्ग का भ्रमण कराया जाएगा, इसमें प्रति व्यक्ति पैकेज मूल्य 41,070 रुपये है। इसी ट्रेन से यात्री नॉर्थ-ईस्ट ब्यूटी पैकेज में दार्जिलिंग, गंगटोक व कलिम्पोंग की सैर कर सकेंगे। इसमें प्रति व्यक्ति पैकेज मूल्य 39,780 रुपये है। ट्रेन दिल्ली, सफदरजंग, गाजियाबाद, आगरा, टूंडला, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी व पटना स्टेशनों पर रुकेगी। आईआरसीटीसी 17 मार्च से दो ज्योतिर्लिंग व स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा ट्रेन भी संचालित कर रहा है।
ट्रेन में लग्जरी सुविधाएं
इस लग्जरी ट्रेन में दो रेस्टोरेंट, आधुनिक रसोई, लाइब्रेरी, आरामदायक कोच, सेंसर आधारित वॉशरूम, फुट मसाज की सुविधा हैं। निजी सिक्योरिटी गार्ड्स और सीसीटीवी कैमरे भी हैं।
‘अयोध्या भ्रमण’ के लिए ट्रेनें चलाने की तैयारी
रेलवे चैत्र के नवरात्र में देश के प्रमुख जोन से अयोध्या दर्शन ट्रेन संचालित करने की योजना बना रहा है। आईआरसीटीसी ने इसके लिए प्लानिंग शुरू कर दी है। आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक आनंद कुमार झा ने बताया कि 13 अप्रैल से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। चैत्र नवरात्र में दिल्ली, सिकंदराबाद, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जोन से श्रीराम दरबार यात्रा कराए जाने पर विचार किया जा रहा है।
इसमें अयोध्या के धार्मिक स्थलों का भ्रमण श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। योजना यह भी है कि अयोध्या में एक दिन का ठहराव होगा। जब पहली ट्रेन अयोध्या से वापस जाएगी, तब दूसरे जोन की ट्रेन अयोध्या पहुंचेगी। इस योजना पर अंतिम मुहर लगने पर इसकी जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर दी जाएगी।