आगरा में खटारा वैन ही नहीं शव वाहन को भी एंबुलेंस के तौर पर उपयोग कर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के पास शव वाहन पकड़ा। इसमें मरीज को लेकर इमरजेंसी में भर्ती कराने आया था। टीम ने वाहन का चालान कर सीज कर दिया है।
दो दिन अभियान चलाने के बाद एक बार फिर परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम को लेकर छापेमारी पर निकला। एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के पास एंबुलेंस लिखा वाहन पकड़ा। लाल बत्ती भी लगी हुई थी।
जब वाहन के अंदर जांच की जो दवाओं की किट, ऑक्सीजन सिलेंडर समेत एंबुलेंस के लिए आवश्यक एक भी मानक नहीं था। इसमें डीप फ्रीजर (शव रखने को एसी ताबूत) की भी व्यवस्था थी। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह मरीज मथुरा रिफायनरी के पास माहेश्वरी हॉस्पिटल से एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने लाए हैं।
टीम ने मरीज को इमरजेंसी में शिफ्ट कराते हुए इसको सीज कर दिया है। एसीएमओ डॉ. पीके शर्मा ने बताया कि एंबुलेंस लिखे वाहन में चिकित्सकीय मानक नहीं थे, मरीज भर्ती करने लाए थे। इससे मरीज की जान पर भी बन सकती थी।