आगरा। यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों का संचालन दो की जगह अब एक पाली में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) की ओर से दिए गए प्रस्ताव को बुधवार को प्रधानाचार्य परिषद ने सहमति प्रदान की। बैप्टिस्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को प्रधानाचार्य-शिक्षक समन्वय समिति की बैठक हुई।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री/माध्यमिक शिक्षामंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विधान परिषद में कहा है कि प्रधानाचार्य नियमानुसार कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए अपने विवेक से नियमानुसार पठन-पाठन कराने के लिए स्वतंत्र हैं। उनके बयान का अनुपालन करते हुए एक पाली में विद्यालय का संचालन किया जाएगा।
विद्यालय का समय ग्रीष्मकाल में सुबह 07:30 से दोपहर 12:30 और शीतकाल में सुबह 08:50 से दोपहर 02:50 तक रहता है। इसी के अनुरूप पढ़ाई कराई जाएगी। विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने पर प्रधानाचार्य उन्हें रोस्टर के हिसाब से बुला सकते हैं। बैठक में प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार लवानियां, संयोजक समन्वय समिति डॉ. मोहम्मद जमीर आदि मौजूद रहे।