आपके मोबाइल नंबर पर लकी ड्रा निकला है। कौन बनेगा करोड़पति में 25 लाख रुपये की लॉटरी निकली है। खाते से पैसे कट गए हैं, लिंक पर क्लिक करो। ऐसे संदेशों के झांसे में आए तो आपका खाता खाली हो सकता है। आजकल लोगों के मोबाइल नंबर पर ऐसे संदेश खूब आ रहे हैं। पुलिस की साइबर सेल ऐसे मैसेज के झांसे में नहीं आने की सलाह दे रहा है।
आगरा में दस महीने पहले कमला नगर निवासी पूजा गर्ग के नंबर पर लकी ड्रा में फ्रिज निकलने का झांसा देकर 29 हजार रुपये जमा करा लिए गए थे। सुभाष नगर, कमला नगर निवासी कैलाश चंद्र पैंगोरिया को किसान निधि की धनराशि दिलाने के नाम पर ठग लिया गया था। उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा सदर क्षेत्र की महिला को मोबाइल पर एप डाउनलोड कराकर खाते से रकम निकाल ली गई थी।
रकम कटने के मैसेज में दिए लिंक पर क्लिक न करें
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि साइबर अपराधी लकी ड्रॉ, इनाम और अन्य तरीके से धनराशि दिलाने के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। इसके लिए कभी कॉल करते हैं तो कभी मैसेज करते हैं। सावधान रहें। अनजान व्यक्ति का कॉल आने पर रकम मांगी जाती है, या फिर कोई एप मोबाइल पर डाउनलोड करके आनलाइन भुगतान करने को कहा जाता है तो झांसे में नहीं आना चाहिए।
मैसेज भी भेजा जाता है कि आपके खाते से रकम कट गई है। मैसेज में एक लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है, ऐसे लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। इसी तरह इनामी धनराशि और सामान दिलाने के नाम पर कोई रकम की मांग करता है तो भी बातों में नहीं आएं। ऑनलाइन लेनदेन में सुरक्षा का भी ख्याल रखें। कस्टमर केयर नंबर ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी की अधिकृत वेबसाइट से ही लेना चाहिए।