कोतवाली मैनपुरी क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली युवतियां शोहदों के खौफ से सहमी है। घर से निकलने में डरती हैं। युवक आए दिन घर से उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं। छेड़खानी करके परेशान करते रहते हैं। थाने में सुनवाई न होने के बाद मंगलवार को उन्होंने एसपी से शिकायत की।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक युवती अपनी बहनों के साथ रहती है। बीमार पिता का इलाज कराने के लिए मां और एक बहन दूसरे शहर में है। भाई भी रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। युवतियों के घर में अकेले रहने की वजह से मोहल्ले के ही युवक उन्हें परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि अश्लील हरकतें करते हैं।
घर से उठा ले जाने और दुष्कर्म करने की धमकी देते हैं। कुछ दिन पहले एक युवती बाजार से घर लौट रही थी। तब रास्ते में रोककर उसे परेशान किया गया था। उसे साथ घर चलने की जबरदस्ती की गई। किसी तरह भागकर वह घर पहुंची। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी आ गए।
तब युवक वहां से भागे थे। पीड़िताओं ने थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मंगलवार को एसपी राजेश एस को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में सीओ सिटी राकेश पांडेय का कहना है कि मामला अभी संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।