उत्तम नगर इलाके में महज साइड न देने पर बाइक सवार को गोली मारने के मामले में अपराध शाखा ने पूर्व सेनाकर्मी के बेटे को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ मोनू उर्फ नाग (32) के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो आरोपी प्रदीप बिंदापुर थाने का बीसी है। उसके पास से पुलिस ने 0.32 बोर की पिस्टल, एक कारतूस व वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस को मामले में कुछ अन्य आरोपियों की तलाश है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 18 अगस्त की रात को पंकज गौतम अपने दोस्त दिनेश के साथ बुलेट पर जा रहा था। इस बीच यह विकासपुरी होते हुए हस्तसाल रोड की ओर जा रहे थे। इस बीच विद्या विहार पहुंचने पर पीछे से कार सवार युवकों ने पंकज से साइड मांगी। साइड न देने पर बाइक सवार व कार सवार गुल्लू, विनोद उर्फ टोनी और काकू व प्रदीप की दोनों से कहासुनी हो गई।
इसी दौरान प्रदीप ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली पंकज को लगी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उत्तम नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में प्रदीप उर्फ मोनू शामिल है। इधर 25 अगस्त को सूचना के बाद अपराध शाखा ने आरोपी को सेक्टर-10 द्वारका से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह परिवार के साथ डीडीए फ्लैट बिंदापुर में रहता है। इसके पिता पूर्व सेनाकर्मी हैं। 2004 से उसने अपराध की दुनिया में रखा। हत्या के प्रयास, सट्टा लूटने व करीब आठ अन्य मामलों में प्रदीप शामिल रहा। सट्टा लूटने के मामले में तिलक नगर में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ था। कई साल आरोपी जेल में बंद रहा। पुलिस प्रदीप के बाकी साथियों की तलाश कर रही है।