आगरा में डीआरएम ऑफिस परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की रेलवे स्टेशन शाखा में शनिवार रात को चोरों ने सेंध लगा दी। छत के रास्ते से अंदर प्रवेश कर स्ट्रांग रूम के गेट के काट दिए। इसके बाद कैश की सेफ तोड़ने की कोशिश की। रविवार सुबह बैंक कर्मियों के आने पर घटना की जानकारी हो सकी। बैंक मैनेजर के मुताबिक, कैश सुरक्षित है। चोर बैंक के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस जांच कर रही है।
भारतीय स्टेट बैंक की शाखा डीआरएम आफिस परिसर के पिछले हिस्से में है। इसमें रेलवे कर्मी ही लेन-देन के लिए आते हैं। शाखा में कुछ दिन से मरम्मत का काम चल रहा है। रविवार सुबह 11 बजे बैंक कर्मी यह काम देखने आए तो स्ट्रांग रूम के ताले टूटे हुए थे। इस पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। इसमें रात तकरीबन ढाई बजे दो नकाबपोश बदमाश बैंक में घुसते नजर आ रहे हैं। उनके पास बेल्डिंग मशीन और कटर भी था। चोर छत से होते हुए खिड़की से अंदर आए। उन्होंने सबसे पहले स्ट्रांग रूम के गेट के ताले काटे। इसके बाद कैश की सेफ को बेल्डिंग मशीन और कटर से तोड़ने की कोशिश की। मगर, चोर सेफ काटने में सफल नहीं हो सके। 3:30 बजे बैंक से चले गए।