बालूगंज में मजार पर भगवा झंडा लगाने को लेकर हुए सांप्रदायिक तनाव के मामले में थाना रकाबगंज पुलिस ने मृत व्यक्ति मोहम्मद ईशाक उर्फ हाजी पप्पन को भी धारा 107/16 शांति भंग की आशंका में पाबंद कर दिया है। इसके अलावा 34 अन्य लोगों के विरुद्ध भी यह कार्रवाई की गई है।
आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लमीन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश का कहना है कि पिछले दिनों हुए विवाद के बाद थाना रकाबगंज पुलिस ने मोहल्ले के कुछ लोगों के बताने पर ही धारा 107/16 की कार्यवाही की। मुस्लिम समाज के जिन 34 लोगों को पाबंद किया है उनमें एक मोहम्मद ईशाक उर्फ पप्पन हाजी की मृत्यु तीन मई 2016 को हो चुकी है। इदरीश का आरोप है कि थाना पुलिस ने बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं के दबाव में पूरी कार्रवाई की है। विवाद को भी अलग ढंग से न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि मामला मजार पर भगवा ध्वज फहराने का है। उन्होंने कहा है कि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के लिए वह सोमवार को जिलाधिकारी और एसएसपी से मिलकर ज्ञापन देंगे। थाना रकाबगंज पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करेंगे।