किरावली के गांव महुअर निवासी किसान अमन उर्फ कलुआ (26) पुत्र सियाराम कश्यप ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह उसका शव खेत में पाखर के पेड़ से बनाए फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि गांव वालों के तगादा से तंग आकर उसने आत्महत्या की है। वह कर्ज के बोझ से दबा था। इसे चुकाने के लिए जमीन तक बेच दी। लेकिन इसका पूरा पैसा न मिल पाने के चलते परेशान था।
लोग अपना पैसा वापस लेने के लिए उसके घर के चक्कर लगा रहे थे। उसे जमीन का पैसा मिल नहीं पा रहा था। इसकेचलते तनाव में आ गया। उसके परिवारवालों ने बताया कि वह मंगलवार रात नौ बजे घर से किसी काम की कहकर चला गया था।
बुधवार सुबह तकरीबन छह बजे लोगों ने उसका शव लटका देख जानकारी परिवारवालों को दी। इस पर परिवारवालों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी आ गई। मृतक के बड़े भाई अशोक कुमार ने बताया कि अमन ने 27 फरवरी को एक बीघा जमीन का बैनामा रेनुका गोकानी पत्नी मोतीलाल निवासी गजानन नगर, शाहगंज के नाम कराया था।
उसने यह जमीन दस्तावेज लेखक कपूर चंद के माध्यम से 18 लाख रुपये मेें बेची थी। तब सात लाख रुपये दिए गए थे। बाकी रकम के लिए वह लगातार चक्कर लगा रहा था। बताया जा रहा है कि गांव वालों का उस पर कर्ज भी था। ऐसे में गांव वाले भी उससे तगादा कर रहे थे। इससे परेशान होकर उसने फांसी लगा ली। सीओ सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि रेनुका और कपूर चंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था
किरावली। अमन पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसका एक साल का बेटा सचिन है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।