मैनपुरी। करहल चौराहा के पास दिनदहाड़े दो पक्षों में फायरिंग हो गई। इससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस एक युवक को पकड़कर थाने ले आई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोगों ने कोतवाली घेर ली। घटना के संबंध में बिजली विभाग के ठेकेदार और दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। वहां काफी देर तक दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश चलती रहीं।
गांव झिंझाई निवासी शैलू चौहान बिजली विभाग में ठेकेदार है। मंगलवार को सुबह करीब 10:30 बजे वह कार से कार्यालय पर जा रहे थे। आरोप है कि तभी रास्ते में कुछ लोगों ने कार रोक ली। इसके बाद वहां मारपीट और फायरिंग होने लगी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस को देखकर झगड़ा कर रहे लोग भाग गए। पुलिस वहां मौजूद कुलदीप यादव को पकड़ कर थाने ले गई। थाने में ठेकेदार की ओर से दी गई तहरीर में मारपीट व फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया।
वहीं कुलदीप यादव की ओर से भी ठेकेदार व साथियों पर राइफल से फायरिंग करने का आरोप लगाया। जानकारी होने के बाद दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में काफी देर तक मामले में निपटारे की कोशिश चलती रहीं। उधर थाने में बैठे कुलदीप ने आरोप लगाया कि उसकी सोने की चेन भी लूट ली गई है।
फायरिंग की घटना के बाद भाजपा-सपा के लोग सहयोगियों के साथ थाने पहुंचे। भाजपाइयों में पूर्व विधायक अशोक के पुत्र सौरभ, अमित चौहान, राहुल आदि ने कुलदीप पक्ष पर कार्रवाई की मांग की। सपा पक्ष की ओर से जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा, सूरज सिंह यादव ने ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। काफी देर तक थाने में बातचीत चलती रही।
मैनपुरी। करहल चौराहा पर हुई फायरिंग की घटना के अलावा कुसमरा मोड़ के पास भी दो पक्षों में फायरिंग हो गई। मंगलवार सुबह एक पूर्व सैनिक पर पानी गिर जाने से दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग हो गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे वहां कुछ देर बाद मामला रफा दफा हो गया।